निचलौल, महराजगंज। नगर पंचायत निचलौल के लोहिया नगर वार्ड नंबर 11 में जलभराव की समस्या स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। रास्ते पर पानी जमा होने के बावजूद स्कूली बच्चे रोज इसी रास्ते से होकर सन साइन और सेंट जोसेफ स्कूल जाने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के बाद रास्ते पर लंबे समय तक पानी जमा रहता है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पानी से होकर गुजरने के कारण बच्चों के कपड़े और जूते भीग जाते हैं, वहीं फिसलने से हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय निवासी राहुल मिश्रा, प्राची तिवारी सहित अन्य लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बच्चों और राहगीरों की परेशानी और बढ़ सकती है। अब देखना होगा कि नगर पंचायत और संबंधित अधिकारी जलभराव की समस्या को लेकर क्या कदम उठाते हैं।
जिला प्रभारी महराजगंज: विनय मोहन साहनी
