एटा-कासगंज नई रेल लाइन परियोजना: 9 किसानों को मिला 96.36 लाख रुपये का मुआवजा

एटा। एटा-कासगंज विशेष नई रेल लाइन परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को प्रतिकर वितरण किया गया। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने 9 किसानों को कुल 96 लाख 36 हजार 922 रुपये की मुआवजा राशि वितरित की। यह धनराशि किसानों के बैंक खातों में RTGS/NEFT के माध्यम से अंतरित की गई।
मुआवजा प्राप्त करने वाले किसानों में ग्राम नगला श्याम के तेज सिंह, किशोरी लाल और राजकुमारी, ग्राम मुहम्मदपुर के राजेंद्र कुमार एवं वाचिस्पति, ग्राम नगला किसिया के प्रफुल्ला चौहान एवं विक्रम डी. चौहान तथा ग्राम न्योराई के भगवान देवी एवं विजय पाल सिंह शामिल हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े प्रतिकर वितरण की प्रक्रिया पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरी की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को उनकी अर्जित भूमि का उचित मुआवजा समय पर मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय नारायण सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
