बालोद, छत्तीसगढ़। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) योजना लागू की गई है। इसी योजना के तहत कर्तव्य के दौरान सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले बालोद पुलिस के दो कर्मचारियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई है।

पहला मामला प्रधान आरक्षक क्रमांक 546 संतराम मंडावी का है, जो थाना पुरूर में पदस्थ थे। 1 जून 2026 को पुरूर से कांकेर की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर जाते समय सड़क दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। उनकी पत्नी सावित्री मंडावी और पुत्र देवेंद्र कुमार मंडावी को एक करोड़ रुपये का बीमा सहायता चेक सौंपा गया।
वहीं, आरक्षक क्रमांक 221 ठनेश टेमार्य थाना कोतवाली बालोद में पदस्थ थे। 23 फरवरी 2026 को हीरापुर चौक, राष्ट्रीय राजमार्ग-930 के पास ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। उनकी माता गीता बाई को भी एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा बालोद के शाखा प्रबंधक पुनीत भार्गव ने दोनों परिवारों को चेक सौंपे।
कार्यक्रम में एसडीओपी माया शर्मा, मुख्य लिपिक ठाकुर प्रसाद मरकाम एवं वेतन शाखा प्रभारी जगदीश साहू उपस्थित रहे।
बालोद पुलिस ने दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों की सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
रिपोर्ट: विजय कुमार, ब्यूरो प्रमुख, जिला बालोद, छत्तीसगढ़
