अयोध्या के विकास का किया उल्लेख, 7 नवंबर को भव्य दीपोत्सव आयोजित करने की घोषणा

पीलीभीत, 3 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को जनपद पीलीभीत के ग्राम नूरानपुर मुड़िया स्थित शिव मंदिर पहुंचे। यहां आयोजित रामकथा में उन्होंने सहभागिता करते हुए कथा का श्रवण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमृत सरोवर का लोकार्पण किया और मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
यह रामकथा आयोजन पूज्य महंत शांतिनाथ जी की पावन स्मृति में महंत हनुमंत नाथ जी द्वारा कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि नकारात्मकता से समाज में अशांति और अराजकता फैलती है, जबकि सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से समाज और प्रदेश में शांति एवं सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आज अयोध्या में सड़क, रेलवे सहित आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। भव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद प्रतिदिन लगभग एक लाख श्रद्धालु भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं।
उन्होंने घोषणा की कि आगामी 7 नवंबर को अयोध्या में भव्य एवं अलौकिक दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को धार्मिक आयोजन के साथ-साथ क्षेत्र में विकास और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिपोर्ट: राजू सक्सेना, ब्यूरो चीफ, पीलीभीत, उत्तर प्रदेश
