शिवपुरी, मध्य प्रदेश ब्यूरो हेड: केवल जैन

शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी अंकित शर्मा और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी अंकित शर्मा को जेल तथा बाल अपचारी को बाल सुधार केंद्र गुना भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को ग्राम राजा की मुढैरी निवासी रेखा कुशवाह ने उपचार के दौरान शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने एक राय होकर उन पर और उनकी जेठानी मिथलेश कुशवाह पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में रेखा के सिर में गंभीर चोट आई थी। आरोपियों पर छप्पर में आग लगाने का आरोप भी लगाया गया था।
फरियादिया की शिकायत पर सिरसौद थाने में अपराध क्रमांक 263/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर सहित सिरसौद थाना पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
