सिकटी, अररिया। बिहार के अररिया जिले के सिकटी प्रखंड में मंगलवार देर रात मोबाइल लूट का विरोध करने पर एक सफाईकर्मी को गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना बरदाहा थाना क्षेत्र के कांटा चौक के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ढेंगरी गांव निवासी 25 वर्षीय मुकेश मल्लिक स्कूल में काम खत्म करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर उन्हें रोककर मोबाइल लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी, जिससे मुकेश घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
रिपोर्टर: अवेश आलम, अररिया (बिहार)
