तखतगढ़। क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों के बीच तखतगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनोपपुरा गांव से चोरी हुई बाइक के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में उज्जवल मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कुल 3 दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बाली) किशोर सिंह चौहान एवं वृताधिकारी (सुमेरपुर) भवानी सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी शैतान सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।
शादी समारोह से दिनदहाड़े चोरी हुई थी बाइक
पुलिस के अनुसार, गिरवर निवासी मदनलाल मीणा थाना गुड़ा एंदला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अनोपपुरा गांव में एक शादी समारोह में अपनी मोटरसाइकिल RJ 16 AC 3615 लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर दिनदहाड़े उनकी बाइक चोरी कर ले गए।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई जसाराम को सौंपी।
CCTV और तकनीकी इनपुट से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आसूचना संकलन, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साधनों की मदद से आरोपी की पहचान के प्रयास किए गए।
पुलिस के अनुसार, जांच के बाद उज्जवल मीणा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपी से चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम रही शामिल
मामले के खुलासे में थानाधिकारी शैतान सिंह, एएसआई जसाराम, एएसआई घीसाराम, कांस्टेबल रमेश कुमार, श्रवण कुमार जाखड़, जगदीश कुमार, गोपाल सिंह और जनार्दन कुमार शामिल रहे।
रिपोर्ट: कन्हैयालाल सोलंकी
स्थान: तखतगढ़, पाली (राजस्थान)
