बदायूं | रिपोर्ट: जुनैद खान

श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर बदायूं पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालु कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह ने थाना कोतवाली क्षेत्र के लालपुर में स्थापित कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम एवं पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे कांवड़ियों के प्रति संवेदनशील, विनम्र और तत्पर व्यवहार रखें तथा प्रत्येक श्रद्धालु को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।
कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, पंखे, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), मेडिकल सहायता सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यात्रा की शुभकामनाएं दीं। साथ ही श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या डायल-112 से संपर्क करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बदायूं पुलिस ने कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सकुशल यात्रा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
