सुमेरपुर |
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार सुबह 8 बजे से सुमेरपुर उपखण्ड क्षेत्र के सभी 127 पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का कार्य सफलतापूर्वक प्रारंभ किया गया। अभियान के प्रति अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने के लिए बूथों पर पहुंचे।

ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सभी बूथों पर बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का कार्य शुरू किया। अब तक निर्धारित लक्ष्य के लगभग 18 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है।
ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार गिरी ने बताया कि जिन अभिभावकों ने अभी तक अपने बच्चों को पोलियो की दवा नहीं पिलाई है, वे आज ही अपने निकटतम पोलियो बूथ पर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।
उन्होंने बताया कि सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक टीके से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे तक पोलियोरोधी खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर: कन्हैया लाल सोलंकी, तखतगढ़
