शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के फोरलेन पर सवारिया होटल के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में शिवपुरी निवासी अखिलेश उपाध्याय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और कानों से खून निकलने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद राहगीरों ने एंबुलेंस और डायल 100 को कई बार फोन कर मदद मांगी, लेकिन काफी देर तक सहायता नहीं पहुंची। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने घायल को सड़क पर पड़ा देखकर तत्काल कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीओपी संजय मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए महज पांच मिनट के भीतर डायल 100 और एंबुलेंस को घटनास्थल पर पहुंचा दिया। इसके बाद घायल अखिलेश उपाध्याय को उपचार के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही घायल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
इस पूरे घटनाक्रम में एसडीओपी संजय मिश्रा की त्वरित पहल और संवेदनशीलता से घायल को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। संकट की घड़ी में पुलिस की तत्परता सराहनीय रही।
रिपोर्ट: जितेंद्र जैन, जिला शिवपुरी
