बैराड़, शिवपुरी। आगामी गणेश चतुर्थी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से बैराड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पोहरी एसडीओपी आनंद राय ने की। इस दौरान बैराड़ थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा सहित गणेश उत्सव समितियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

बैठक में गणेश पंडालों की स्थापना, विद्युत सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस के मार्गों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने आयोजकों को शासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित डेसिबल सीमा एवं शासन के नियमों के अनुसार ही बजाए जाएं। पंडाल समितियों को बिजली के तारों की सुरक्षित व्यवस्था और अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने की बात कही गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओपी आनंद राय ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, लेकिन शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने सभी पंडाल समितियों से समय-सीमा और नियमों का पालन करने तथा असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
लोकेशन: बैराड़, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश
रिपोर्टर: आदेश बालौठिया
