उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेल से भरे एक टैंकर की केबिन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने टैंकर की केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं।
घटना के समय चालक और उसका सहयोगी सतर्कता दिखाते हुए तुरंत टैंकर से बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। प्रारंभिक प्रयास में चालक दल ने टैंकर में मौजूद पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब 30 मिनट की संयुक्त मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से तेल से भरे टैंकर में संभावित विस्फोट और बड़े हादसे को टाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट: मोहम्मद इसरार, गाज़ीपुर (उत्तर प्रदेश)
