पीलीभीत | ब्यूरो चीफ: राजू सक्सेना
पीलीभीत जनपद न्यायाधीश श्री रविन्द्र कुमार चतुर्थ ने जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के साथ जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया।
निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश ने किशोर एवं पुरुष बैरक, महिला बैरक, भोजनालय, अस्पताल सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। बैरकों में पहुंचकर उन्होंने बंदियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं कारागार अस्पताल के निरीक्षण के दौरान बीमार बंदियों से उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गई तथा उपचार व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को कारागार में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बंदियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जेलर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
