बहराइच में बाल संरक्षण समिति की बैठक, बच्चों के अधिकारों पर हुई चर्चा

बहराइच। विकासखंड चित्तौरा की ग्राम पंचायत जोहरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्राम स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल श्रम, बाल विवाह और बच्चों के शोषण पर रोक लगाने के साथ ग्राम पंचायत को सुरक्षित बाल ग्राम बनाने पर चर्चा की गई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लल्लन प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम विकास अधिकारी पूजा चौधरी ने पात्र बच्चों और परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आश्वासन दिया। वहीं प्रधानाध्यापिका इशरत फातिमा ने बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया।
राकेश चौबे ने बाल अधिकारों के प्रति सामुदायिक जागरूकता और सतर्कता को जरूरी बताया। बैठक में समिति को सक्रिय रखने और समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान आशा सुनीता देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अंजू रावत, सविता देवी, विंध्यवासिनी, अशोक कुमार मिश्र, प्रथम संस्था से राकेश चौबे तथा देहात इंडिया से अमरेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
