थाना प्रभारी योगेश बरैया के नेतृत्व में हुआ आयोजन, पुलिस स्टाफ ने किया मध्यप्रदेश गान का वाचन

मुरैना। मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना परिसर में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन थाना प्रभारी योगेश बरैया के नेतृत्व में किया गया, जिसमें थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी योगेश बरैया एवं पुलिसकर्मियों द्वारा मध्यप्रदेश गान का वाचन किया गया। सभी ने प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और विकास के संकल्प को याद करते हुए स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं।
वहीं, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के समस्त शासकीय भवनों एवं स्मारकों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाने के निर्देश जारी किए गए। निर्देशों के अनुसार एक नवंबर की रात्रि से सभी शासकीय कार्यालयों एवं स्मारकों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई, ताकि स्थापना दिवस समारोह को गरिमामय स्वरूप दिया जा सके।
चिन्नौनी थाने में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने प्रदेश के स्थापना दिवस के प्रति सम्मान और उत्साह व्यक्त किया।
रिपोर्ट: कृष्ण कुमार पढ़ोलिया
