सिंघारई स्कूल में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई, प्रधानाध्यापक और बीआरसीसी सहित संबंधित अधिकारियों को नोटिस*

शिवपुरी, 19 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत मध्यान्ह भोजन वितरण में लापरवाही सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। रन्नौद तहसील के ग्राम सिंघारई स्थित शासकीय एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान पिछले चार दिनों से विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन वितरित नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद संबंधित स्व-सहायता समूह को भोजन वितरण के कार्य से हटा दिया गया।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर पीएम पोषण योजना की प्रभारी अधिकारी सीमा उपाध्याय ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जांच में निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन वितरण नहीं होने और आवश्यक अभिलेखों का नियमानुसार संधारण नहीं किए जाने जैसी अनियमितताएं पाई गईं। प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से मध्यान्ह भोजन वितरण दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानाध्यापक और बीआरसीसी को कारण बताओ नोटिस
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज के निर्देश पर विद्यालय के प्रभारी पहलवान सिंह, जन शिक्षक राकेश श्रीवास्तव और बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अन्य विद्यालयों में भी मिलीं अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान शिवपुरी विकासखंड के नवीन प्राथमिक विद्यालय शिवनगर में भी कई दिनों से मध्यान्ह भोजन वितरित नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस मामले में बीआरसीसी अतर सिंह राजोरिया और एमडीएम प्रभारी एवं बीएसी सुनील राठौर से जवाब मांगा गया है।
इसी प्रकार एकीकृत शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय मुढेरी में निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने पर संबंधित स्व-सहायता समूह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। वहीं, शासकीय प्राथमिक कन्या विद्यालय मनपुरा में भी कई दिनों से भोजन वितरण नहीं होने की पुष्टि के बाद संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने और शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से भोजन वितरण शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को नियमित करना, विद्यार्थियों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराना और लापरवाही बरतने वाले संबंधितों की जवाबदेही तय करना है।
*R हिन्दुस्तान TV न्यूज़ | शिवपुरी, मध्य प्रदेश
