सवाई माधोपुर |
सवाई माधोपुर जिले में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों तथा सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में विशेष टीमों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिले में 2,13,486 बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,568 पोलियो बूथ स्थापित किए गए, जहां 3,136 स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं दीं।
उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 103 मोबाइल टीमें तथा 42 ट्रांजिट टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों और दूर-दराज के क्षेत्रों में तैनात की गईं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। वहीं, वैक्सीन की सुरक्षित आपूर्ति एवं संरक्षण के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
सोमवार और मंगलवार को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन यानी सोमवार और मंगलवार को 1,568 हाउस-टू-हाउस टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
सीएमएचओ डॉ. जेमिनी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे को पहले भी कई बार पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी है, तब भी इस अभियान के दौरान दवा अवश्य पिलाएं, ताकि बच्चा पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित रह सके।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें और सुनिश्चित करें कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियोरोधी खुराक से वंचित न रहे।
स्थान: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
रिपोर्टर: बृजेश त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ
