शिवहर में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। साइबर ठगों द्वारा बैंक खाते से उड़ाई गई 2 लाख 34 हजार 480 रुपये की पूरी रकम पुलिस ने वापस पीड़ित के खाते में करा दी।

पुलिस अधीक्षक शिवहर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक साइबर के नेतृत्व में साइबर थाना की टीम ने शिकायत मिलते ही कार्रवाई शुरू की। पीड़ित सुजीत कुमार, पिता रामपुनीत साह, निवासी ग्राम कहतरवा मथुरापुर, थाना फतेहपुर, जिला शिवहर के बैंक खाते से साइबर ठगों ने उक्त रकम की ठगी की थी।
शिकायत के बाद साइबर थाना टीम ने बैंकिंग ट्रांजैक्शन की तकनीकी जांच की और ठगी की रकम के लेन-देन को ट्रेस किया। संबंधित बैंकिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित कर रकम को आगे जाने से रोकने की कार्रवाई की गई। पुलिस की तत्परता से पूरी 2,34,480 रुपये की राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते सुरक्षित कर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।
