हरदोई की पहचान बन चुकी मिर्चाराम स्वीट्स का नाम एक बार फिर चर्चा में है।

कभी काला जाम, दही बड़ा का ब्लैक एंड व्हाइट कॉम्बिनेशन और देशी घी की टिक्की जैसे स्वाद के लिए मशहूर रही इस दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी की। विभागीय निरीक्षण के दौरान फ्रिज में चूहे और फफूंद, गंदगी, फर्श पर गंदा पानी और खुले में रखे खाद्य पदार्थ मिलने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने पांच खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं। मिर्चाराम स्वीट्स की शुरुआत लाखन की मेहनत से हुई थी और समय के साथ यह नाम हरदोई के स्वाद की पहचान बन गया। लेकिन अब खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद प्रतिष्ठान की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि लिए गए खाद्य नमूनों की गुणवत्ता कैसी है और आगे विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
