जयपुर, राजस्थान।* राजधानी जयपुर के 22 गोदाम स्थित अग्रसेन त्रिलोकी सेवाधाम में समाज के प्रणेता महाराजा अग्रसेन जी की जयंती हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री अग्रसेन विकास ट्रस्ट, जयपुर के पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा का पंचामृत से भव्य अभिषेक किया। इसके बाद विधि-विधान से महाआरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

समारोह में श्री अग्रसेन विकास ट्रस्ट, जयपुर के अध्यक्ष प्रहलाद स्वरूप अग्रवाल, महासचिव नेमी चन्द्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष कुंजबिहारी अग्रवाल और संयोजक रामबाबू अग्रवाल सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन जी के चरणों में धोक लगाकर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को याद करते हुए सामाजिक एकता, सेवा और समृद्धि के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
रिपोर्ट: पुष्पेन्द्र कुमार
