लोकेशन: तखतगढ़ | रिपोर्टर: कन्हैयालाल सोलंकी

तखतगढ़ नगर पालिका आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर के निर्देशों के तहत मतगणना के बाद निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के समर्थन में किसी भी प्रकार का विजय जुलूस या रैली निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 14 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे राजकीय महाविद्यालय तखतगढ़ में मतगणना शुरू होगी। परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी जाएगी। इसके तहत विजेता प्रत्याशी भी विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
रिटर्निंग अधिकारी पूरण कुमार ने बताया कि मतगणना केंद्र में केवल अभ्यर्थी, उनके निर्वाचक अभिकर्ता अथवा गणन अभिकर्ता को ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश के लिए रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी अधिकृत पहचान पत्र एवं बैज अनिवार्य रहेगा।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव 21 सितंबर तथा उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर 2026 को कराया जाएगा। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों एवं समर्थकों से चुनाव परिणाम के बाद शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
