घर के अंदर मिला बच्ची का शव, मां से पूछताछ जारी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

चरखारी/महोबा। कस्बा चरखारी के चिंतपुरा मोहल्ले में एक वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची का शव घर के अंदर मिलने के बाद हत्या की आशंका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, बच्ची आराध्या का शव घर के अंदर तख्त पर मिला। बच्ची के मामा दीपक ने महिला थाने में इसकी सूचना दी थी। इसके बाद थानाध्यक्ष राहुल मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची की मां पूजा से पूछताछ की। मामा के अनुसार, जब वह और उनकी मां मजदूरी से शाम करीब सात बजे घर लौटे तो बच्ची मृत अवस्था में मिली। उन्होंने बच्ची के शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही है।

परिजनों के मुताबिक, बच्ची के पिता रमेश दिल्ली में प्लंबर का काम करते हैं और करीब छह महीने पहले पत्नी पूजा तथा बच्चों को मायके में छोड़ गए थे। परिवार ने पूजा की मानसिक परेशानी की बात भी कही है। हालांकि, इन परिस्थितियों और बच्ची की मौत के बीच किसी संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
थानाध्यक्ष राहुल मिश्रा ने बताया कि बच्ची की मौत संदिग्ध है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
रिपोर्ट: धर्मेंद्र
