शामली, उत्तर प्रदेश।* पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 को जनपद शामली में पुलिस शहीदों के सम्मान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी नगर श्री जितेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी कैराना श्री हेमन्त कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने देश, समाज और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के त्याग एवं कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।

21 अक्टूबर को क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जवान शहीद हुए थे। उन्हीं की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
154 पुलिसकर्मियों और यूपी के 6 जवानों के बलिदान को किया याद

कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के संदेश से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराया गया। इस अवसर पर 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों तथा उत्तर प्रदेश पुलिस के 6 वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
पुलिसकर्मी विषम परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य करते हैं। उनका साहस और समर्पण पुलिस बल की भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद जवानों के आदर्शों पर चलते हुए जनसेवा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: प्रशन कुमार\
