रेउसा (सीतापुर)। आगामी चेहल्लुम, बारावफात और सावन माह की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को रेउसा थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राहुल सिंह एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्षित चौहान ने की। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से सभी पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।
बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चहलारी घाट पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस लगातार गश्त करेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्य बिंदु
रेउसा थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित।
चेहल्लुम, बारावफात और कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर चर्चा।
कांवड़ मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के निर्देश।
चहलारी घाट पर बैरिकेडिंग एवं अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था।
दोनों समुदायों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील।
रिपोर्ट: अनुज पांडे
लोकेशन: रेउसा, सीतापुर
