बस्सी (जयपुर) | गौरव कुमार मेडतवाल
राजकीय कन्या महाविद्यालय, बस्सी में कार्यालय प्रभारी जुल्फिकार अली कुरैशी के अंतिम कार्य दिवस पर भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महाविद्यालय परिवार ने उनके वर्षों के समर्पित कार्यों की सराहना करते हुए सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा बटवाल रहीं, जबकि श्रीमती हमीदा बानो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेरक गीत “मैं तुमको विश्वास दूं, तुम मुझको विश्वास दो” से हुआ। इसके बाद अतिथियों और वरिष्ठजनों का माल्यार्पण, मेवाड़ी साफा एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
विदाई संबोधन में जुल्फिकार अली कुरैशी ने महाविद्यालय में बिताए अपने कार्यकाल की यादें साझा करते हुए सहयोग के लिए समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाविद्यालय के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त करते हुए संस्थान को एक कंप्यूटर भेंट किया।
मुख्य अतिथि डॉ. मनीषा बटवाल ने कहा कि जुल्फिकार अली कुरैशी की कार्यनिष्ठा, अनुशासन, लगन और रचनात्मक सोच सभी कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी रहेगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों का संस्कार देने वाली संस्था भी है। उन्होंने कुरैशी द्वारा महाविद्यालय में किए गए विभिन्न रचनात्मक कार्यों की भी सराहना की।
कार्यक्रम में सहायक प्रोफेसर डॉ. कुसुम टेपन, डॉ. पूर्वा दशोरा, डॉ. विनोद श्रीमाली, कार्यालय सहायक शांतिलाल शर्मा, राजू कुमार बेरवा, सत्यनारायण उपाध्याय, शब्बीर अली तथा प्रथम सेमेस्टर की छात्राएं निधि साहू, प्रियंका खटीक, माया गुर्जर, सुमन गुर्जर, किरण चुंडावत, सुमन धाकड़ सहित महाविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन इतिहास विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. गोपाल सालवी ने किया, जबकि राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर मोहित पोरवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
