लोकेशन: एटा | पत्रकार: सूरज कुमार

एटा जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा अगस्त माह के लिए जारी विकास एवं राजस्व की संयुक्त रैंकिंग में जनपद एटा ने अलीगढ़ मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस उपलब्धि को अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए और बेहतर प्रदर्शन के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कुछ विभागों द्वारा कार्यों एवं पोर्टल पर समयबद्ध फीडिंग में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही है, जिससे जनपद की समग्र रैंकिंग प्रभावित होती है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विभागीय कमियों को चिन्हित कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करें तथा नई योजनाओं एवं नए पैरामीटर पर विशेष ध्यान देते हुए फीडिंग समय से पूरी कराएं।
नई सड़कों के निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
