शिवपुरी |
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में रविवार से जिलेभर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना और भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखना है।
अभियान के पहले दिन रविवार को जिलेभर में बनाए गए पोलियो बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई गई। पिछोर क्षेत्र के बाचरौन स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित पड़ेरिया के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम का आगाज ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ किया गया, जिससे उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने के लिए बूथ पर पहुंचे। अतिथियों ने बच्चों का माला पहनाकर स्वागत किया, उन्हें पोलियो की खुराक पिलाई तथा उनकी उंगली पर सुरक्षा का निशान लगाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रिंका लोधी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच सके।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें, ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक अभियान से वंचित न रहे।
इस अवसर पर अशोक लोधी, एमएसडब्ल्यू विलकेश लोधी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
