सवाई माधोपुर। जिले के चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बनास नदी क्षेत्र में अवैध बजरी का परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। साथ ही पूर्व में दर्ज एक प्रकरण में करीब एक माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 7 जुलाई को झूर गांव के पास बनास नदी क्षेत्र में अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। इस मामले में थाना चौथ का बरवाड़ा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) तथा एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक की तलाश कर रही है।
वहीं, अवैध बजरी परिवहन से जुड़े एक अन्य मामले में करीब एक माह से फरार आरोपी कालूराम पुत्र अर्जुन लाल मीणा (30 वर्ष) निवासी भैरू भूल्या, थाना बरौनी, जिला टोंक को मुखबिर की सूचना पर शिवाड़ बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: बृजेश त्रिवेदी, चौथ का बरवाड़ा (सवाई माधोपुर)।
