लोकेशन: एटा | पत्रकार: सूरज कुमार |

वीरांगना अवंतीबाई लोधी ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, एटा में संचालित परास्नातक (पीजी) एमडी/एमएस पाठ्यक्रमों के दूसरे बैच के संचालन को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने अनुमति प्रदान कर दी है। इससे मेडिकल कॉलेज में पीजी शिक्षा को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।

वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और कम्युनिटी मेडिसिन सहित छह विषयों में पीजी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों के पहले बैच में कुल 15 एमडी/एमएस छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
एनएमसी की समीक्षा के दौरान मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध आचार्य एवं शिक्षकों, चिकित्सकीय सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों का निरीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं पाए जाने के बाद छह पीजी पाठ्यक्रमों के दूसरे बैच के संचालन को अनुमति दी गई है।
दूसरे बैच के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में पीजी पाठ्यक्रमों के विस्तार से विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैयारियों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
