चित्तौड़गढ़ में सेवा संकल्प अभियान का समापन, 50 से अधिक दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल व सहायक उपकरण प्रदान किए गए*

चित्तौड़गढ़, 17 अक्टूबर। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र पर सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर दिव्यांग कल्याणार्थ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद सीपी जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहानुभूति की नहीं, बल्कि सहयोग और संबल की आवश्यकता है। उनमें अनेक प्रतिभाएं छिपी होती हैं। जरूरत है कि उन्हें अनुकूल वातावरण और समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास कर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत कर सकें।

सांसद जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों और प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए दिव्यांगजनों के लिए सुगम एवं बाधारहित सुविधाओं के विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और अस्पतालों में रैंप, लिफ्ट तथा सहायक उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों की सुविधा और गतिशीलता बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अपने विधायक कोष से 50 से अधिक दिव्यांगजनों को बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए। उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विधायक ने कहा कि संकल्प बौद्धिक विशेष विद्यालय के नए भवन में संचालन से बौद्धिक दिव्यांग बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने सेवा कार्यों में सरकारों की भूमिका पर विचार रखे। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के सभापति अनिल ईनाणी ने कहा कि सकारात्मक सोच और अनुकूल अवसर मिलने पर दिव्यांगजन भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
भगवती सेवा एवं शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष रामगोपाल ओझा ने संस्था द्वारा संचालित बौद्धिक दिव्यांग विशेष विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी और उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
रिपोर्ट: गौरव मेडतवाल\
