उत्तर प्रदेश के शामली जिले में चर्चित धर्मांतरण मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी आयुष मलिक के घर पर तलाशी अभियान के दौरान एक निजी डायरी बरामद हुई है, जिसके कवर पर अंग्रेजी में “I AM ON MISSION – Ayush Malik” लिखा हुआ मिला।
पुलिस अब डायरी में दर्ज सामग्री और उससे जुड़े अन्य दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि डायरी में लिखे “मिशन” का क्या आशय था और क्या इसका इस मामले से कोई संबंध है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक डायरी की सामग्री को लेकर कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
गौरतलब है कि शामली का धर्मांतरण मामला पहले से ही राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जांच एजेंसियां मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं और बरामद दस्तावेजों समेत अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
रिपोर्ट: दीपक शर्मा, ब्यूरो चीफ, शामली
