बरेली। श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रवीन्द्रालय सभागार में आयोजित बैठक में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और शाखा प्रभारियों ने भाग लिया। एसएसपी ने कांवड़ यात्रा मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस वर्ष पहली बार जिले के प्रत्येक थाने में कांवड़ सेल का गठन किया गया है। प्रत्येक कांवड़ जत्थे के साथ एक पुलिस नोडल अधिकारी तैनात रहेगा, जो यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा।

यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, अस्थायी पुलिस चौकियां, बाइक मोबाइल टीमें और पीआरवी वाहनों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा रेलवे ट्रैक, संवेदनशील स्थानों और अंतरजनपदीय सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने तथा बिजली, प्रकाश, चिकित्सा, एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस बार कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुचारु और शांतिपूर्ण बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।
रिपोर्ट: निजामुद्दीन निजाम खान
मंडल ब्यूरो चीफ, बरेली | R Hindustan TV N
