बिलग्राम, हरदोई।* हरदोई जनपद के मल्लावां क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक ईको कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार छह श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार श्रद्धालु उत्तराखंड स्थित मां पूर्णागिरि के दर्शन कर कानपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सेलीब्रेशन गेस्ट हाउस के सामने कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार छह लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: नवाब सिंह, तहसील संवाददाता, बिलग्राम\
