कोटा, राजस्थान।* दशहरे के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर कोटा के संजय नगर क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जित करने कैनाल पर गए युवकों की नाव मझधार में पलट गई। नाव में अधिक सवारियां और मां दुर्गा की प्रतिमा होने के कारण हुए इस हादसे में चार बच्चे पानी में डूब गए, जबकि तीन लोग तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे।

घटना की खबर फैलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस कप्तान तेजस्विनी गौतम सहित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।

दशहरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने तथा मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए।
इससे पहले शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बताया गया कि नगर निगम की गोताखोर टीम रातभर से नहर में लापता बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बच्चों का पता नहीं चल पाया था। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
रिपोर्ट: रमेश गांधी, कोटा, राजस्थान\
