लोकेशन: एटा | पत्रकार: सूरज कुमार
एटा में शनिवार, 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित लोक अदालत की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश राकेश धर दुबे ने की।

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय एटा, ग्राम न्यायालय अलीगंज, कलेक्ट्रेट तथा समस्त तहसील न्यायालयों के परिसरों में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे जनपद न्यायाधीश राकेश धर दुबे एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में 53 हजार से अधिक वादों का निस्तारण किया गया, जिसे एटा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और नया रिकॉर्ड बताया जा रहा है। बड़ी संख्या में वादों के निस्तारण से पक्षकारों को त्वरित न्याय मिलने के साथ ही लंबित मामलों का बोझ कम करने में भी मदद मिली।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं के तहत एक जिला एक उत्पाद (ODOP) से संबंधित उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। वादकारियों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया। वहीं जलेसर तहसील के प्रसिद्ध पीतल के घंटों का स्टॉल भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एटा राकेश धर दुबे, पीठासीन अधिकारी एमएसीटी अहमद उल्लाह खां, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय एटा गोपाल उपाध्याय, अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत दिनेश कुमार शर्मा-III सहित न्यायिक अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
