तखतगढ़ | कन्हैयालाल सोलंकी

राजस्थान के तखतगढ़ नगर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर फालना रोड स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, फालना की ओर से कथित रूप से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही तेज रफ्तार कार और सामने से आ रही मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर उछलकर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तखतगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को सुमेरपुर रेफर कर दिया। रास्ते में एक घायल ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब्दुल हमीद पुत्र ताज मोहम्मद, निवासी तखतगढ़ के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान प्रताप पुत्र बाबूलाल मीणा, निवासी गौरव पथ, तखतगढ़ के रूप में हुई है, जिनका सुमेरपुर में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शव को तखतगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रख दिया गया है। मृतक के पुत्र मोहम्मद शाहरुख की शिकायत पर तखतगढ़ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
