गिरिडीह, झारखंड। मंगलवार को गिरिडीह जिले में हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सबसे दर्दनाक हादसा देवरी थाना क्षेत्र के देवपहाड़ी स्थित गोसाईं आहर के पास हुआ, जहां बारिश से बचने के दौरान पांच लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में चार किशोरों और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसी थाना क्षेत्र के तिलयडीह गांव में खेत में काम कर रहे एक किसान की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। इसके अलावा गावां, बिरनी, बगोदर और जमुआ थाना क्षेत्रों से भी वज्रपात की घटनाओं में लोगों की मौत और घायल होने की खबरें सामने आई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि प्रभावित गांवों में पहुंचे तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में तड़ित चालक (Lightning Arrester) लगाने और लोगों को मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
रिपोर्टर: चंदन राय
लोकेशन: गिरिडीह, झारखंड
