हरदोई, उत्तर प्रदेश। हरदोई से भाजपा सांसद जयप्रकाश रावत ने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर जिले से जुड़ी लंबित रेल परियोजनाओं, ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने वर्ष 2019 से लंबित हरदोई–गुरसहायगंज वाया सांडी नई रेल लाइन परियोजना की प्रगति पर जानकारी मांगते हुए इसे शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया।

सांसद ने हरदोई रेलवे स्टेशन पर सीमित ट्रेन ठहराव, कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों के पुनः संचालन तथा कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के हरदोई, बघौली और शाहाबाद में ठहराव की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि रेल मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं और परियोजना से जुड़े दस्तावेज तलब किए हैं।
सांसद ने कहा कि वह जल्द हरदोई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो हरदोई–गुरसहायगंज वाया सांडी रेल लाइन का मुद्दा संसद में भी उठाया जाएगा, ताकि वर्षों से लंबित परियोजना को गति मिल सके।
रिपोर्टर: ऋषभ गुप्ता, संवाददाता
स्थान: हरदोई, उत्तर प्रदेश
