दीपावली पर सफाई, रोशनी और सौंदर्यीकरण के निर्देश, राजकीय छात्रावासों में होंगे मरम्मत कार्य*

चित्तौड़गढ़, 16 अक्टूबर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में श्री अन्नपूर्णा रसोइयों के सुचारु संचालन, दीपावली पर्व की तैयारियों और राजकीय छात्रावासों के जीर्णोद्धार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
10 अन्नपूर्णा रसोइयों के लिए नई संस्थाओं का चयन
बैठक में जिला स्तरीय समिति ने चित्तौड़गढ़ की 6, नगर पालिका निम्बाहेड़ा की 1 और नगर पालिका बेगूं की 3 श्री अन्नपूर्णा रसोइयों के संचालन के लिए नवीन संस्थाओं के चयन को मंजूरी दी। इसके साथ ही वर्तमान में बंद शेष रसोइयों को दोबारा संचालित करने के लिए शीघ्र अभिरुचि अभिव्यक्ति (ईओआई) जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
दीपावली पर सफाई और रोशनी व्यवस्था होगी बेहतर

आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिला कलक्टर ने सभी नगरीय निकायों के आयुक्तों और अधिशासी अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य मार्गों के डिवाइडरों और पार्कों का रखरखाव सुनिश्चित करने तथा बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने पर जोर दिया, ताकि शहरों में स्वच्छता, रोशनी और सौंदर्यीकरण की व्यवस्था बेहतर हो सके।
राजकीय छात्रावासों में होंगे मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य
बैठक में जिले के राजकीय छात्रावासों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भवनों की मरम्मत और जीर्णोद्धार के कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की सुविधाओं और विद्यार्थियों के हितों से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अवाप्ति) राजलक्ष्मी गहलोत, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: गौरव मेडतवाल\
