CITY

पीलीभीत में जंगली हाथी का तांडव, सोनपापड़ी की दुकान तोड़ी; ग्रामीणों में दहशत

पीलीभीत/कलीनगर। तहसील कलीनगर क्षेत्र में रमनगरा से पूरनपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात जंगली हाथी के अचानक पहुंचने से इलाके में दहशत फैल गई। हाथी बाइफरकेशन बीट स्थित कॉलोनी के समीप पहुंचा और पप्पू कश्यप की सोनपापड़ी की झोपड़ीनुमा दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया।

बताया गया कि पप्पू कश्यप लंबे समय से इसी स्थान पर दुकान संचालित कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनकी सोनपापड़ी स्थानीय राहगीरों के साथ-साथ उत्तराखंड की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के बीच भी लोकप्रिय बताई जाती है।

गुरुवार रात जंगल से निकला हाथी दुकान की झोपड़ी को नुकसान पहुंचाने के बाद वन विभाग की चौकी के पीछे से होते हुए वापस जंगल की ओर चला गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शुक्रवार सुबह दुकान पहुंचने पर पप्पू कश्यप ने क्षतिग्रस्त झोपड़ी और आसपास हाथी के पैरों के निशान देखे। इसके बाद घटना की सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी गई।

रिहायशी इलाके के पास जंगली हाथी के पहुंचने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से रमनगरा मुख्य मार्ग और आबादी वाले इलाकों में निगरानी एवं गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

संवाददाता: सर्वेश शर्मा, पीलीभीत

Related posts

दिल्ली जाते समय सड़क हादसे में घायल हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय, हायर सेंटर रेफर

prodoxy.ai@gmail.com

हबीबगंज पुलिस को बड़ी सफलता: शातिर चोर गिरफ्तार, 2 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद

हजारीबाग पुलिस का ‘ऑपरेशन भरोसा’ बना मिसाल, 139 गुम मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए

prodoxy.ai@gmail.com

Leave a Comment