रात में लघुशंका के लिए उठी महिला हादसे का शिकार, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

हरदोई | मंडल प्रभारी: उपदेश सिंह
हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र के सहजनपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 54 वर्षीय महिला की फर्राटा पंखे की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान सरवन देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात भोजन करने के बाद सरवन देवी अपने तख्त पर सो रही थीं। देर रात लघुशंका के लिए उठते समय वह पास में चल रहे फर्राटा पंखे की चपेट में आ गईं और गिर पड़ीं। उनकी बहू कुसमा ने बताया कि चीख सुनकर जब वह जागीं तो सरवन देवी अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी थीं और पंखा उनके ऊपर गिरा हुआ था। शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पति रामलड़ते और तीनों बेटे, जो मथुरा में मजदूरी करते हैं, गांव पहुंच गए। परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें एक बेटा अविवाहित है। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पाली थाना प्रभारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में थाने में कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
रिपोर्ट: उपदेश सिंह, मंडल प्रभारी, हरदोई।
