गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोर लेन स्थित रजवाड़ी पुल पर हुए सड़क हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रक और कार की टक्कर के बाद ट्रक चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पुल के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के कोपागंज स्थित इंदारा निवासी 35 वर्षीय प्रशांत सिंह अपनी पत्नी अंजली सिंह, 12 वर्षीय पुत्री आराध्या सिंह, 5 वर्षीय पुत्र सम्राट सिंह तथा चाची आशा सिंह के साथ दर्शन-पूजन के लिए विंध्याचल धाम जा रहे थे। इसी दौरान कल सुबह करीब 6 बजे वाराणसी-गोरखपुर फोर लेन पर स्थित रजवाड़ी पुल पर उनकी कार और एक ट्रक के बीच टक्कर हो गई।
घटना की सूचना पीआरवी को मिली, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे के बाद ट्रक चालक 52 वर्षीय रणजीत पाल पुत्र पलकधारी पाल, निवासी सरौली खैराई, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र का शव पुल से नीचे सूखी जमीन पर पड़ा मिला। चालक की मौत ने घटना को और रहस्यमय बना दिया है, जिससे कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
पुलिस ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रिपोर्टर – रमेश गुप्ता
