शिवपुरी, मध्य प्रदेश। ऑपरेशन मुस्कान के तहत शिवपुरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना सीहोर पुलिस ने अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका को हरियाणा के गुड़गांव से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल 2026 को ग्राम चिताहरी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना सीहोर में अपराध क्रमांक 39/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जूली तोमर एवं उनकी टीम ने लगातार प्रयास किए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 2 जून 2026 को बालिका को गुड़गांव (हरियाणा) से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले में गंभीर धाराओं सहित पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी पवन बाथम (28 वर्ष), निवासी ग्राम चिताहरी, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय करैरा में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूली तोमर सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सराहना की जा रही है।
मुख्य बिंदु:
- ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कार्रवाई
- गुड़गांव से सुरक्षित बरामद हुई नाबालिग बालिका
- आरोपी पवन बाथम गिरफ्तार
- पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
- पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
