शिवपुरी, 9 अक्टूबर 2026।* मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कौशल गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। साथ ही, पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य छविराज कुशवाहा सहित मृदुला नामदेव, कीर्ति पचौरी, महेश प्रजापति, महेंद्र धाकड़, कन्हैयालाल शाक्य, अंजलि गुप्ता, नरेंद्र श्रीवास्तव, आकाश शर्मा, लता ढींगरा, धम्मदीप बौद्ध, शिखर भदोरिया एवं किरण श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
पौधरोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।
रिपोर्टर: जितेंद्र जैन, जिला शिवपुरी
