रिपोर्ट: नबाब सिंह, तहसील संवाददाता बिलग्राम
बिलग्राम तहसील में उप निबंधन (सब रजिस्ट्रार) कार्यालय को नई तहसील भवन में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार के तीसरे दिन गुरुवार को अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए विशाल जुलूस निकाला।

सुबह से न्यायिक कार्य से विरत अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “हमारी मांगे पूरी हो, चाहे जो मजबूरी हो” और “भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
अधिवक्ता नीलू सिंह ने बताया कि उप निबंधन कार्यालय को नई तहसील परिसर में स्थानांतरित न किए जाने से आम जनता और वादकारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि पुराने भवन की व्यवस्थाएं बदहाल हैं और वहां भ्रष्टाचार भी व्याप्त है।
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उप निबंधन कार्यालय को नई तहसील भवन में स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
प्रदर्शन में संयुक्त मोर्चा के वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इनमें नीलू सिंह, फिरोज खान, रिंकू एडवोकेट, करीमुल्ला खान, शिवकुमार पाल, जितेंद्र सिंह और शाहिद अहमद प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
