शिवपुरी | रिपोर्ट: संजय शर्मा

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिवपुरी में शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) श्रीमती प्राची शर्मा उपाध्याय के निर्देशन में ग्वालियर बायपास पर मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशानुसार जिले में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।
मोबाइल कोर्ट के दौरान तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना, वाहनों पर काली फिल्म लगाना, पदनाम लिखी हुई नंबर प्लेट का उपयोग, बिना नंबर के वाहन चलाना तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।
इस अभियान में जेएमएफसी श्रीमती प्रत्यक्षा कुलेश, जेएमएफसी श्रीमती प्रिया शर्मा, जेएमएफसी श्री धर्मवीर राठौर, एडीपीओ मयंक श्रीवास्तव, यातायात प्रभारी रणवीर यादव, कोतवाली टीआई रोहित दुबे, सूबेदार प्रियंका घोष सहित यातायात एवं कोतवाली पुलिस बल मौजूद रहा।
मुख्य बिंदु
ग्वालियर बायपास पर लगाया गया मोबाइल कोर्ट।
34 वाहन चालकों पर कार्रवाई, ₹24,500 का जुर्माना।
तीन सवारी, काली फिल्म, बिना सीट बेल्ट, बिना नंबर वाहन और नाबालिग वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई।
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस का अभियान जारी।
