शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की सिरसौद थाना पुलिस ने किसानों से टमाटर खरीदकर भुगतान नहीं करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद आमिर को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 14 जनवरी 2026 को ग्राम शंकरपुर निवासी सीताराम यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 और 5 दिसंबर 2025 को गांव के एजेंट गणेशराम यादव के माध्यम से व्यापारी मोहम्मद आमिर ने किसानों से कुल 1030 क्रेट टमाटर 800 रुपये प्रति क्रेट के हिसाब से खरीदे थे। टमाटर गाजीपुर मंडी में बेचने के बाद भी आरोपी ने किसानों को 8 लाख 24 हजार रुपये का भुगतान नहीं किया और 10 दिसंबर 2025 को गांव छोड़कर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना सिरसौद में अपराध क्रमांक 13/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। सायबर सेल शिवपुरी और मुरादाबाद की स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को उसके निवास असालतपुरा, थाना गलशहीद, मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से किसानों की राशि में से 30 हजार रुपये नकद बरामद किए। आरोपी को शिवपुरी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: संजय शर्मा
स्थान: शिवपुरी, मध्य प्रदेश
