गरौठा (झांसी)। झांसी जनपद की गरौठा कोतवाली में नए प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह डायल-112 झांसी में प्रभारी के रूप में तैनात थे। वहीं, पूर्व कोतवाली प्रभारी सुरजीत सिंह का स्थानांतरण थाना एरच कर दिया गया है। कार्यभार संभालने के बाद अखिलेश द्विवेदी ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट किया कि अपराध और अवैध गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

नवागत प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कोतवाली आम जनता के लिए हमेशा खुली रहेगी और किसी भी पीड़ित या फरियादी को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हर शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भी ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने के निर्देश दिए।
अखिलेश द्विवेदी ने अवैध खनन, शराब तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
रिपोर्ट: मुकेश पाठक, आर हिंदुस्तान टीवी न्यूज।
