अररिया/फारबिसगंज। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ फारबिसगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार और अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रामपुर दक्षिण पंचायत में छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार, वार्ड संख्या-02 निवासी मो. आरिफ के आवासीय परिसर की तलाशी के दौरान एक कमरे में बोरे के अंदर छिपाकर रखी गई 251 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही संदिग्ध कारोबारी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में संलिप्त पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्टर: अवेश आलम
अररिया, बिहार
