लोकेशन: जिला पांढुर्णा, मध्य प्रदेश
रिपोर्टर: जितेश ठाकरे

पांढुर्णा। जिले में जन-विश्वास और सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों से लेकर छात्र-छात्राओं तक ने सक्रिय सहभागिता की।
जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम पाठई में आयोजित शिविर में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान किसान सम्मान निधि, लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, आवास और पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने पाठई स्थित छात्रावास, आंगनवाड़ी और स्कूल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वहीं वनग्राम बालापुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में आयुक्त मदन विभीषण नागर गोजे और कलेक्टर की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दीप प्रज्ज्वलित किए। जिले की ग्राम पंचायतों और नगरीय वार्डों में भी दीप जलाए गए।
इधर शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। छात्र-छात्राओं ने सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
